यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2020 की उत्तर पुस्तिकाओं का ऑरेंज जोन में मूल्यांकन 12 मई से शुरू करने के शासन के आदेश के बाद डीआईओएस की ओर से तैयारी शुरू हो गई। डीआईओएस आरएन विश्वकर्मा की ओर से सभी उप नियंत्रक मूल्यांकन केंद्र को पत्र भेजकर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए मूल्यांकन की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। कहा गया कि हॉटस्पॉट क्षेत्र के मूल्यांकन केंद्रों पर मूल्यांकन स्थगित रहेगा। हॉटस्पॉट क्षेत्र में रहने वाले परीक्षकों, शिक्षकों को मूल्यांकन के लिए नहीं बुलाया जाएगा।
कापियों के मूल्यांकन में जनपद के दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से शिक्षकों को आना है, लेकिन जिले में यातायात पर प्रतिबंध होने के कारण यह शिक्षक जिला मुख्यालय तक कैैसे आएंगे? इस बारे में जिला विद्यालय निरीक्षक अथवा शासन की ओर से कोई दिशानिर्देश जारी नहीं किया गया है। यदि जिला प्रशासन उन्हें पास भी जारी कर देगा तो भी साधन नहीं चलने से शिक्षकों को मूल्यांकन के लिए आने में परेशानी होगी।
अटेवा पुरानी पेंशन बचाओ मंच ने 12 से शुरू हो रहे मूल्यांकन का विरोध करने का निर्णय लिया है। अटेवा पेंशन के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. हरि प्रकाश यादव ने प्रदेश उप मुख्यमंत्री पर कोरोना को लेकर गृह मंत्रालय के दिशा निर्देश नहीं मानने का आरोप लगाया है। उन्होंने ऑरेंज जोन में मूल्यांकन शुरू करने के निर्णय का निश्चित रूप से शिक्षकों की जान के साथ खिलवाड़ करने जैसा बताया है।