प्रयागराज। यूपी बोर्ड की ओर से नौवीं एवं ग्यारहवीं के अग्रिम पंजीकरण में अब तक मात्र 9.38 लाख ही छात्रों ने पंजीकरण करवाया है। नौवीं, ग्यारहवीं में प्रवेश लेने वाले मात्र 18 फीसदी छात्रों ने ही पंजीकरण करवाया है। बोर्ड सचिव ने बताया कि एक सितंबर तक नौवीं में 481272 एवं ग्यारहवीं में 457098 कुल मिलाकर 938370 छात्रों ने पंजीकरण करवाया है जो कुल छात्रों का मात्र 18 फीसदी है।
बोर्ड की ओर से इससे पहले प्रवेश की अंतिम तिथि पांच अगस्त तय की गई थी। पहले चरण में कम छात्रों के प्रवेश लेने और पंजीकरण फार्म भरने से बोर्ड की सिफारिश पर शासन की ओर से नौवीं-ग्यारहवीं में प्रवेश की अंतिम तिथि 31 अगस्त तक बढ़ा दी गई थी। 31 अगस्त से एक दिन पहले शासन की ओर से इंटरमीडिएट की मान्यता पर फैसला लेने से बड़ी संख्या में छात्र प्रवेश से वंचित रह गए। अब उनके प्रवेश और पंजीकरण के लिए बोर्ड को तिथि आगे बढ़ानी पड़ सकती है।
इसी प्रकार शासन की ओर से अभी तक हाईस्कूल स्तर के 350 से अधिक विद्यालयों की मान्यता पर निर्णय नहीं होने से नौवीं में प्रवेश फंसा है, इन छात्रों के प्रवेश के बाद ही पंजीकरण कराया जा सकता है। ऐसे में उम्मीद है कि जल्द ही शासन की ओर से नौवीं-दसवीं में प्रवेश एवं शुल्क जमा करने की तिथि बढ़ाई जा सकती है। अभी नौवीं-ग्यारहवीं में पंजीकरण की अंतिम तिथि 21 सितंबर तय की गई है।