हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की मुख्य परीक्षाएं शुरू होते ही नकल के मामलों के खुलासे के बाद माध्यमिक शिक्षा परिषद ने संवेदनशील जिलों में सख्ती बढ़ा दी है। बुधवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल विज्ञान तथा इंटरमीडिएट संगीत गायन, संगीत वादन एवं नृत्य कला की परीक्षा होगी। इसमें हाईस्कूल के 27,58,235 तथा इंटरमीडिएट के 8,052 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। कुल मिलाकर प्रथम पाली में 27,66,287 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट रसायन विज्ञान एवं समाजशास्त्र की परीक्षा 7,984 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जिसमें 20,56,919 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। हाल के दिनों में कई जिलों में केंद्रों के बाहर कापियां लिखे जाने और सॉल्वर पकड़े जाने का मामला प्रकाश में आया था। इसके बाद परिषद के सचिव भगवती सिंह ने संवेदनशील जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षकों (डीआईओएस) को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
जिलों में तैनात पर्यवेक्षकों को अति संवेदनशील केंद्रों पर दो से तीन बार औचक निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। इस प्रकार, प्रयागराज, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, एटा, कासगंज, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, हरदोई, कन्नौज, आजमगढ़, बलिया, मऊ, जौनपुर, गाजीपुर, देवरिया और गोंडा के साथ मैनपुरी समेत कुल 19 जिलों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।