यूपी बोर्ड इम्प्रूवमेंट/कंपार्टमेंट का परीक्षाफल घोषित
प्रयागराज। यूपी बोर्ड की ओर से हाईस्कूल परीक्षा 2019 इम्प्रूवमेंट/कंपार्टमेंट का परीक्षाफल शनिवार को घोषित कर दिया गया। बोर्ड की सचिव नीना श्रीवास्तव की ओर से जारी परिणाम में इंम्प्रूवमेंट परीक्षा में पंजीकृत कुल 16333 परीक्षार्थियों में से 14629 परीक्षा में शामिल हुए, परीक्षा में 14607 अर्थात 99.85 फीसदी को पास घोषित किया गया।
इसी प्रकार कंपार्टमेंट परीक्षा में पंजीकृत कुल 70 परीक्षार्थियों में से 54 परीक्षा में शामिल हुए, इसमें 43 अर्थात 79.63 फीसदी को पास घोषित किया गया। दोनों परीक्षाओं का संयुक्त परीक्षाफल 99.78 फीसदी रहा। इम्प्रूवमेंट/कंपार्टमेंट का परीक्षाफल परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर अपलोड कर दिया गया है। परीक्षा में पास परीक्षार्थियों के अंकपत्र सह प्रमाणपत्र क्षेत्रीय कार्यालयों के माध्यम से जिला विद्यालय निरीक्षकों को भेजे जा रहे हैं। परीक्षा में पास परीक्षार्थी अपने मूल अंकपत्र-सह प्रमाणपत्र का इंतजार किए बिना परिषद की वेबसाइट से इंटरनेट अंकपत्र प्राप्त करके कक्षा 11 में तत्काल प्रवेश ले लें। विद्यालय के प्रधानाचार्य संबंधित परीक्षार्थियों का कक्षा 11 में प्रवेश की कार्यवाही सुनिश्चित करें।