प्रदेश सरकार की ओर से नकल विहीन यूपी बोर्ड परीक्षा कराने के मंसूबे पर केंद्र व्यवस्थापक पानी फेरते दिखाई पड़ रहे हैं। सरकार की ओर से प्रदेश के सभी केंद्र व्यवस्थापकों से परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा और वायस रिकार्डिंग की व्यवस्था करने का आदेश जारी किया है, लेकिन प्रदेश भर में बड़ी संख्या में ऐसे स्कूल जहां वायस रिकार्डर के साथ सीसीटीवी की व्यवस्था नहीं हो पाई है। प्रयागराज में यूपी बोर्ड की ओर से 313 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिले में बड़ी संख्या में परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल में 1161121 एवं इंटरमीडिएट में 108427 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
कंट्रोल रूम से होगी निगरानी
प्रयागराज के जिला विद्यालय निरीक्षण ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों से डीआईओएस ने बताया कि उनके कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम में परीक्षा केंद्रों में लगे सीसीटीवी कैमरे जो सर्वर से जोड़े जा रहे हैं, इससे सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक केनिर्देश के बाद भी बड़ी संख्या में केंद्र व्यवस्थापकों की ओर से अभी तक उनके कार्यालय को सीसीटीवी का डीवीआर, आईपी नंबर उपलब्ध नहीं कराया गया है। गंगापार और यमुनापार के कई परीक्षा केंद्र ऐसे हैं जहां प्रबंधन और प्रधानाचार्य में विवाद चल रहा है।
इन परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा नहीं लग सका है। इस बात की शिकायत संबंधित केंद्र व्यवस्थापकों की ओर से जिला विद्यालय निरीक्षक एवं वरिष्ठ अधिकारियों से की है। जिला विद्यालय निरीक्षक आरएन विश्वकर्मा का कहना है कि जिन परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी-वायस रिकार्डर नहीं है, उन्हें जल्द इसे पूरा करने को कहा गया है। इसके बाद भी निर्देश नहीं मानने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।