माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा में कुछ विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के जेंडर कोड में त्रुटि के कारण परीक्षा केंद्र गलत आवंटित होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सचिव भगवती सिंह ने प्रदेश के सभी डीआईओएस को निर्देश जारी किया है। कहा कि जिन छात्राओं को जेंडर कोड त्रुटि के कारण स्व-केंद्र या निकटस्थ केंद्र नहीं मिला है, उन्हें उसी केंद्र पर परीक्षा दिलाई जाए जहां उनके विद्यालय की अन्य छात्राएं आवंटित हैं। वहीं, जिन छात्रों को त्रुटि के कारण स्व-केंद्र मिल गया है, उन्हें संबंधित विद्यालय के अन्य छात्रों के लिए निर्धारित परीक्षा केंद्र पर ही परीक्षा में सम्मिलित किया जाए।
उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों, अभिभावकों और अन्य स्रोतों से प्राप्त प्रत्यावेदनों के आधार पर संज्ञान में आया है कि जेंडर कोड में त्रुटि के कारण कई छात्रों को स्व-केंद्र की सुविधा मिल गई है, जबकि कुछ छात्राएं इससे वंचित रह गईं। जबकि, एक नवंबर 2025 को जारी शासनादेश के अनुसार, निर्धारित विद्यालयों की बालिकाओं को स्व-केंद्र की सुविधा दी जानी है। यदि स्थानीय स्तर पर स्व-केंद्र उपलब्ध न हो तो शहरी व ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को यथासंभव सात किलोमीटर की परिधि के भीतर परीक्षा केंद्र उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी स्वयं उत्तरदायी होंगे।