जिला विद्यालय निरीक्षक 31 अक्तूबर तक वेबसाइट पर केंद्रों की जानकारी अपलोड करेंगे
प्रयागराज। यूपी बोर्ड ने प्रदेश के सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों से परीक्षा केंद्र तय करने के लिए 31 अक्तूबर तक अपनी अंतिम रिपोर्ट बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड करने का निर्देश दिया है। जिला विद्यालय निरीक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर यूपी बोर्ड की ओर से नौ नवंबर तक संभावित सूची वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी, इस सूची पर मिली आपत्ति के निस्तारण बाद केंद्रों के बारे में अंतिम फैसला नवंबर के अंत तक किया जाएगा। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं फरवरी में होंगी।
जिला विद्यालय निरीक्षकों की ओर से परीक्षा केंद्रों के बारे में अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट 15 अक्तूबर तक अपलोड कर दी गई है। इस रिपोर्ट के बाद उसके खिलाफ आपत्ति मांगी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक इन आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद उसकी जानकारी से संयुक्त शिक्षा निदेशकों को देते हुए केंद्रों के बारे में संशोधित जानकारी वेबसाइट पर अपलोड करेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक आरएन विश्वकर्मा ने बताया कि उनकी ओर से परीक्षा केंद्रों की प्रारंभिक सूची वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। इसके खिलाफ मिली आपत्तियों के निस्तारण का काम 28 अक्तूबर से होगा, उन्होेंने बताया कि आपत्तियों का निस्तारण करके उनकी ओर से पूरी जानकारी 31 अक्तूबर तक बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी।