यूपी बोर्ड की वर्ष 2025 की इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाओं में शामिल होने से वंचित रह गए 36932 छात्र-छात्राओं को प्रयोगात्मक परीक्षा में शामिल होने का अंतिम मौका दिया गया है। इनकी प्रयोगात्मक परीक्षाएं सात व आठ अप्रैल को आयोजित की जाएंगी। परीक्षक एप के माध्यम से अंक अपलोड करेंगे।
यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह के अनुसार यदि किसी विद्यालय के के सभी परीक्षार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षा छूटी हो तो उनकी परीक्षा उनके ही विद्यालय में और एकल रूप से कहीं-कहीं छूटे हुए परीक्षार्थियों की परीक्षा जिला विद्यालय निरीक्षक/क्षेत्रीय कार्यालयों द्वारा जनपद मुख्यालय स्तर पर निर्धारित प्रयोगात्मक परीक्षा केंद्र में कराई जाएगी।
छूटे/वंचित छात्र-छात्राओं को अपने पंजीकृत विद्यालय/जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से संपर्क करके प्रयोगात्मक परीक्षाओं के लिए तय केंद्र/विद्यालय पर निर्धारित तिथि पर परीक्षा में शामिल होना है। सचिव ने बताया कि इसके बाद प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए कोई अवसर प्रदान नहीं किया जाएगा। पूर्व की भांति ये परीक्षाएं भी सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में क्षेत्रीय कार्यालय से नियुक्त परीक्षकों द्वारा कराई जाएंगी।
इससे पूर्व यूपी बोर्ड की ओर से दो चरणों में मंडलवार 53 विषयाें की प्रयोगात्मक परीक्षाएं आयोजित की गईं थीं। पहली चरण की परीक्षाएं एक से आठ अप्रैल व दूसरे चरण की परीक्षाएं नौ से 16 फरवरी तक हुईं थीं। भौतिक विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए 1650482 व रसायन विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए 1650937 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। वहीं, जीव विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए 1249485 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।
36932 परीक्षार्थी विभिन्न कारणों से परीक्षाओं में शामिल होने से वंचित रह गए थे, जिन्हें अब अंतिम अवसर प्रदान किया गया है। छूटे हुए परीक्षार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं पूरी होने के बाद रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यूपी बोर्ड ने अप्रैल के अंत तक परीक्षा का परिणाम जारी करने की तैयारी की है।
अंक अपलोड करने का आज अंतिम अवसर
प्रयागराज। यूपी बोर्ड की कॉपियों का मूल्यांकन पूरा हो चुका है लेकिन प्रदेश के 62 जनपदों के 420 विद्यालयों ने शैक्षिक सत्र 2024-25 में अध्ययनरत छात्र/छात्राओं के हाईस्कूल में विद्यालय स्तर पर आयोजित आंतरिक मूल्यांकन के अंक और इंटरमीडिएट के नैतिक, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा के अंक परिषद की वेबसाइट पर अद्यतन अपलोड नहीं किए हैं। इनमें हाईस्कूल के 7200 व इंटरमीडिएट के 9800 से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हैं। बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने सभी प्रधानाचार्यों को सात अप्रैल तक अंक अपलोड करने के निर्देश दिए हैं।