उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी समेत दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों पर परीक्षा नियामक प्राधिकारी में तैनाती के दौरान एक कर्मचारी की सेवापुस्तिका में गलत प्रविष्टि दर्ज कराने का आरोप है।
मामले में कोर्ट के आदेश पर परीक्षा नियामक प्राधिकारी (पीएनपी) तत्कालीन सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी के साथ वरिष्ठ सहायक इष्टदेव उपाध्याय को भी नामजद किया गया है। एफआईआर के मुताबिक, सिविल लाइंस निवासी शशि कुमार यादव ने बताया कि वह वर्ष 1995 से परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय में काम कर रहे थे।
पूर्व कर्मचारी की शिकायत पर वरिष्ठ सहायक भी नामजद
एक से 31 मार्च 2021 तक वह बीमारी के कारण छुट्टी पर थे। इस छुट्टी को 27 जुलाई 2021 को वेतन सहित मंजूरी मिली थी। आरोप है कि 24 जून 2021 को तत्कालीन सचिव के निर्देश पर वरिष्ठ सहायक ने उनकी मूल सेवापुस्तिका और निजी पत्रावली मंगवाई थी।
बाद में जब सेवापुस्तिका मिली तो उसमें 31 मार्च 2021 की तारीख से प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज थी। शशि कुमार का कहना है कि 22 जून 2021 को सेवापुस्तिका की प्रमाणित कॉपी में यह प्रविष्टि नहीं थी।
कर्नलगंज पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना का अधिकार के तहत मिली जानकारी और कार्यालय के रजिस्टर के आधार पर उन्होंने आरोप लगाया कि प्रविष्टि बाद में दर्ज कर पुरानी तारीख डाल दी गई। कर्नलगंज थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्रा ने बताया कि एफआईआर दर्ज की गई है, सभी पहलुओं पर जांच की जांच की गई।
वहीं, इस संबंध में उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा विभाग के डायरेक्टर अनिल भूषण चतुर्वेदी का कहना है कि अभी इस फिर के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। जानकारी होने पर ही इस पर कुछ बता सकूंगा।