बगैर रजिस्ट्रेशन के डेंटल क्लीनिक चलाने के आरोप में स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग के एसीएमओ डॉ. आरसी पांडेय के नेतृत्व में रामनगर चिरैया मोड़ स्थित मां पीतांबरा डेंटल क्लीनिक में छापा मारा गया।
इस दौरान क्लीनिक का रजिस्ट्रेशन न होने पर उसे सील कर दिया गया। साथ ही संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
एसीएमओ ने बताया कि कई दिनों से मिल रही शिकायत पर छापा मारा गया। इस दौरान पता चला कि वर्ष 2022 से क्लीनिक बगैर रजिस्ट्रेशन के चल रहा है।
संचालक डॉ. नीरज बिंद ने बताया कि किन्हीं कारणों से रजिस्ट्रेशन नहीं करा सका था। दो दिन के अंदर प्रक्रिया पूरी की जाएगी। कार्रवाई में डीएचईओ पंकज पांडेय भी शामिल रहे।