हंडिया थाना क्षेत्र के बरौत बाजार में शुक्रवार देर रात शादी समारोह में खाना बनाकर घर लौट रहे बाइक सवार तीन बावर्चियों को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। इसमें एक की मौत हो गई जबकि दो अन्य ही हालत गंभीर है। इलाज के दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है।
हंडिया के सैदाबाद लालापुर जमशेदपुर निवासी लालचंद्र (50) पुत्र मेवालाल बावर्ची थे। शुक्रवार को वह गांव के ही दो साथी हरिश्चंद्र पुत्र सीताराम और चरन सिंह पुत्र विजयनाथ के साथ बाइक से भदोही के गोपीगंज में आयोजित शादी समारोह में खाना बनाने के लिए गए थे। परिजनों के अनुसार देर रात करीब बारह बजे सभी लोग एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे।
जैसे ही उनकी बाइक बरौत बाजार के पास पहुंची थी कि पीछे से आ रहा अज्ञात वाहन उन्हें रौंदते हुए निकल गया। हादसे की खबर पाकर पहुंची हंडिया पेट्रोलिंग पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए उपरदहां सीएचसी में भर्ती कराया, जहां लालचंद्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि हरिश्चंद्र और चरन सिंह की हालत गंभीर होने पर प्रयागराज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कच्ची गृहस्थी में टूट गया परिवार
पोस्टमार्टम के लिए आए मृतक के भांजे दिनेश कुमार ने बताया कि लालचंद्र के परिवार में उनकी पत्नी ऊषा देवी के अलावा चार बेटियां और दो बेटे हैं। 15 साल का सबसे बड़ा बेटा अंकित और नौ साल का विपिन है। सभी चार बेटिया सविता, सुनीता, नीता और संगीता पिता की मौत से पूरी तरह से अभी अनजान हैं। अब परिवार की जिम्मेदारी बड़े बेटे अंकित पर आ गई है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है।