prayagraj news : accident in prayagraj
- फोटो : prayagraj
धूमनगंज में 12 घंटे के भीतर हुए दो सड़क हादसों में परीक्षा देने जा रहे छात्र समेत दो लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा प्रीतमनगर में हुआ, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से छात्र अमित रंजन (33) ने दम तोड़ दिया। वहीं, दूसरा हादसा राजरूपपुर में हुआ जहां दूध विक्रेता जुबेर अहमद (65) की जान चली गई। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस वाहन चालकों की तलाश में जुटी है।
कैंट के राजापुर स्थित ओमनगर में रहने वाले ओमप्रकाश रेलवे से रिटायर हैं। उनका बेटा अमित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था। बृहस्पतिवार सुबह वह परीक्षा देने जा रहा था। करीब आठ बजे वह प्रीतम नगर चौराहे पर पहुंचा था कि अज्ञात वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। जिससे वह स्कूटी समेत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गया। जब तक अस्पताल ले जाया जाता, उसकी मौत हो गई। सूचना मृतक के घर पहुंची तो वहां कोहराम मच गया। मृतक के चाचा की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रीतम नगर में हुए हादसे के करीब पांच घंटे बाद राजरूपपुर में सड़क दुर्घटना हुई। पिपरी के डेरा गांव के रहने वाले जुबैर अहमद पुत्र असदुल्लाह दूध का व्यापार करते थे। रोज की तरह वह बृहस्पतिवार को भी दूध बांटने केलिए शहर में आए थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे वह घर लौट रहे थे कि राजरूपपुर में 120 फीट रोड पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें उन्हें गंभीर चोर्टें आईं और कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर तारकेश्वर राय ने बताया कि वाहन चालकों की तलाश की जा रही है।