परिजनों ने शव रख दो घंटे जाम की सड़क, पुलिस से हुई धक्कामुक्की
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने की कोशिश की। जिस पर परिजन भड़क गए और बरजी–कलंदरपुर मार्ग पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक मार्ग बाधित रहा। मामला बिगड़ता देख एसीपी कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। इस दौरान भीड़ व पुलिस के बीच धक्कामुक्की भी हुई।
सूचना पर एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, सोरांव विधायक गीता शास्त्री समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाया। जनप्रतिनिधियों ने मृतकों के परिजनों को किसान बीमा के तहत पांच-पांच लाख रुपये, घायलों के इलाज की पूरी व्यवस्था करने, मृतकों के बच्चों को आउटसोर्सिंग से नौकरी दिलाने और परिवार को पांच बीघे जमीन दिलाने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद परिजन माने और पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
ट्रक की टक्कर से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रक को कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ की जा रही है। - चंद्रपाल सिंह एसीपी थरवई।
दो परिवारों का सहारा छिना... शव देख बेहोश हुईं बेटियां
सोरांव थाना क्षेत्र के बारजी गांव में हादसे में अमृत लाल गौतम (55) और उनके भतीजे विनोद कुमार (30) की मौत ने दो परिवारों का सहारा छीन लिया। दोनों ही परिवारों का सहारा चाचा-भतीजे की मौत की खबर सुन ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।
अमृत लाल गौतम अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। वह राजमिस्री का काम कर घर चलाते थे। घर में पत्नी विद्यावती, दो बेटे कुलदीप और संदीप के अलावा तीन बेटियां अर्चना, अर्पणा और कल्पना हैं। पिता का शव देख बेटियां बेसुध हो गईं। वह कई बार बेहोश भी हो गईं।
मृतक विनोद छह भाइयों में दूसरे नंबर पर था। वह काफी मिलनसार था। उनकी पत्नी वंदना हादसे की खबर सुनते ही बदहवास हो गईं। छोटा बेटा आनंद और बेटी अंकिता पिता की तस्वीर से चिपककर बार-बार पूछते रहे ‘पापा कब आएंगे’। ये देख हर शख्स की आंखें नम हो गईं।