प्रयागराज के उमेश पाल हत्याकांड मामले की जांच को लेकर राज्य सरकार ने डीआईजी अनंत देव तिवारी को एसटीएफ में अस्थायी ड्यूटी लगाने का अहम फैसला लिया है। प्रयागराज जीआरपी में डीआईजी अनंत देव पहले भी एसटीएफ में कई अहम पदों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। माना जा रहा है कि अनंत देव को ये जिम्मेदारी उमेश पाल की हत्या करने वाले शूटरों की तलाश करने की वजह से सौंपी गयी है। अनंत देव एसटीएफ में रहने के दौरान कई दुर्दांत डकैतों और कुख्यात अपराधियों को एनकाउंटर में ढेर कर चुके हैं। उनको कानपुर के बिकरू कांड की वजह से निलंबित किया गया था। राज्य सरकार ने कुछ माह पूर्व उनको बहाल करने के बाद जीआरपी में तैनात किया था।