केंद्रीय मंत्री पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय उमा भारती के बड़े भाई और पूर्व विधायक स्वामी प्रसाद की अस्थियां शुक्रवार को संगम में विसर्जित की गईं। उमा भारती की मौजूदगी में दिवंगत स्वामी प्रसाद के बेटों राहुल सिंह और नील सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नम आंखों से संगम में अस्थियों का विसर्जन किया। इससे पहले उनके पैतृक गांव मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले के डूंडा के तीर्थपुरोहित छेदी लाल बीए के पौत्र बनवारी लाल पाठक और प्रवीन पाठक ने यमुना पट्टी स्थित तख्त के करीब अस्थि पूजन कराया। पूजन के बाद तीर्थपुरोहित और भतीजों संग उमा भारती वीआईपी जेटी से मोटरबोट से संगम पहुंचीं, जहां पुन: पूजन के बाद अस्थियां विसर्जित की गईं। इसके बाद सभी ने संगम स्नान किया। वापसी पर उन्होंने तीर्थपुरोहित को परंपरागत रूप से दक्षिणा भी दी। चटापटी निशान वाले तीर्थपुरोहित बनवारी लाल पाठक ने कहा, तकरीबन वर्ष भर पहले भी उमा जी अपनी बड़ी बहन की अस्थियां विसर्जित करने के लिए संगम आई थीं।
केंद्रीय मंत्री उमा भारती झांसी से बुंदेलखंड एक्सप्रेस से चलकर शुक्रवार सुबह इलाहाबाद पहुंचीं। यहां से पहले सरकिट हाउस और फिर वहां से संगम गईं। रात में फिर बुंदेलखंड एक्सप्रेस से ही वह झांसी के लिए रवाना हो गईं। उमा ने किए नागवासुकि के दर्शन केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने दारागंज स्थित नागवासुकि के दर्शन भी किए। हालांकि संगम में बड़े भाई के अस्थिविसर्जन से लौटने के कारण वह गर्भगृह के भीतर नहीं गईं, परिक्रमा मार्ग से ही दर्शन किए। बाद में उन्होंने पुजारी श्यामधर त्रिपाठी से कहा, यहां पौराणिक मंदिर है, ऐसे में प्रयास रहे कि यहां स्वच्छता हमेशा बनी रही।
केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने अपने बड़े भाई एवं पूर्व विधायक स्वामी प्रसाद लोध के संगम में अस्थि विसर्जन के बाद सर्किट हाउस में भाजपाइयों से मुलाकात की। इस दौरान उनके भाई के पुत्र नील सिंह माधव, बेटी नित्या भी मौजूद रहीं। वहां हुई श्रद्धांजलि सभा में उमा ने कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी से उनकी मुलाकात कराई। बताया कि भाई की बेटी नित्या को उन्होंने गोद ले लिया है।
भाई को याद करते हुए उमा भावुक हो उठीं। कहा कि दाऊ हमेशा समाजसेवा करने के लिए तत्पर रहते थे। कार्यकर्ताओं से वह अमूमन यही कहते थे कि राजनीति समाज सेवा के लिए होती है, न कि धन कमाने के लिए। इस दौरान कैबिनेट मंत्री नंदी ने स्वर्गीय लोध को त्याग की प्रतिमूर्ति बताया। सभा में मौजूद भाजपाइयों ने स्वर्गीय लोध के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, अनामिका चौधरी, विक्रम पटेल, योगेश कुमार, पवन श्रीवास्तव, कुंज बिहारी मिश्र, आशीष गुप्ता, राजू पाठक, शशांक शेखर पांडेय, अनिल केसरवानी आदि मौजूद रहे।
सर्किट हाउस में भाजपा कार्यकर्ताओं से हुई मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने इलाहाबाद में भी गंगा किनारे घाट बनाए जाने की वकालत की। कहा कि काशी की तर्ज पर इलाहाबाद में भी गंगा के एक तट पर घाट होने चाहिए। दूसरी ओर का स्थान खुला छोड़ देना चाहिए। कहा कि व्यवस्था कुछ ऐसी की जाए कि वर्ष भर गंगा का जल घाट पर ही रहे। ताकि लोगों को स्नान आदि करने में सहूलियत मिले।