रेक न मिलने के कारण प्रयागराज जंक्शन से उधमपुर जाने वाली ट्रेन शुक्रवार को निरस्त रही। रिजर्वेशन करवाने वाले तमाम यात्री ऐसे रहे जिन्हें मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाना था। गाड़ी संख्या 04141 उधमपुर एक्सप्रेस का संचालन सप्ताह में दो दिन सोमवार और शुक्रवार को होता है। ट्रेन प्रयागराज जंक्शन से दोपहर 3.50 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 11.20 बजे जम्मूतवी एवं दोपहर 12.45 बजे उधमपुर पहुंच जाती है।
माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले तमाम यात्री इस ट्रेन से ही सफर करना पसंद करते हैं। शुक्रवार को भी ट्रेन में 1200 से ज्यादा यात्रियों का रिजर्वेशन स्लीपर, एसी थ्री, एसी टू एवं इकोनॉमी कोच में था, लेकिन रेक उपलब्ध न होने के कारण रेलवे द्वारा ट्रेन निरस्त किए जाने की घोषणा कर दी गई।