प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने समीक्षा अधिकारी (आरओ)/सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) परीक्षा-2017 के तहत एआरओ भर्ती के लिए टाइप टेस्ट की तिथि घोषित कर दी है। टाइप टेस्ट 18 एवं 19 जनवरी को प्रयागराज में आयोजित किया जाएगा।
पहली बार टाइप टेस्ट कंप्यूटर पर होगा। इससे पहले टंकण दक्षता परीक्षा परंपरागत टाइप राइटर पर आयोजित की जाती थी। परीक्षा नियंत्रक अरविंद कुमार मिश्र के अनुसार हिंदी टंकण दक्षता परीक्षा क्रुति देव फॉन्ट पर होगी। कंप्यूटर पर हिंदी टंकण परीक्षा की अवधि पांच मिनट की होगी। जो अभ्यर्थी हिंदी टंकण परीक्षा में सफल होंगे, केवल उन्हीं की एसआरओ भर्ती के लिए दी गई अधिमान्यता पर विचार किया जाएगा। अभ्यर्थियों के ई-प्रवेश पत्र आयोग की वेबसाइट पर जल्द ही अपलोड कर दिए जाएंगे, जिसकी सूचना से अलग से विज्ञप्ति जारी कर दी जाएगी।
आरओ/एआरओ के कुल 809 पदों पर चयन होना है। इसकी प्रारंभिक परीक्षा पिछले साल आठ अप्रैल और मुख्य परीक्षा इस साल फरवरी में आयोजित की गई थी। आरओ के पदों पर भर्ती का अंतिम चयन परिणाम मुख्य परीक्षा के आधार पर घोषित किया जाना है जबकि एआरओ पद के लिए मुख्य परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थी को टाइप टेस्ट भी देना होगा। इसके बाद ही आरओ/एआरओ परीक्षा का अंतिम चयन परिणाम जारी किया जाएगा। फाइनल रिजल्ट जनवरी के अंत या फरवरी की शुरुआत में आने की उम्मीद है।
पूर्व में परंपरागत टाइप राइट पर टंकण दक्षता परीक्षा उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में होती थी और अभ्यर्थी अपने साथ टाइपराइटर लेकर जाते थे लेकिन इस बार परीक्षा कंप्यूटर पर होनी है, सो आयेाग के लिए इसके लिए अलग से केंद्रों का निर्धारण भी करना होगा। आयोग के सचिव जगदीश का कहना है कि परीक्षा आयोग में होगी या किसी दूसरे केंद्र में, यह प्रवेशपत्र जारी होने के साथ ही स्पष्ट होगा। प्रवेशपत्र में अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र के बारे में जानकारी दी जाएगी।