एक सप्ताह में छह लोग डूबे
प्रयागराज में पांच दिन के भीतर छह युवकों के गंगा में डूबने की घटना हो चुकी है। बृहस्पतिवार को एमएनएनआई से बीटेक करने वाले दो छात्र दीपेंद्र सिंह निवासी अलवर राजस्थान और विकास मौर्य भिखारीपुर मऊ कोटेश्वर महादेव मंदिर शिवकुटी में गंगा स्नान करते समय डूब गए थे, जिनका शव दो दिन बाद बरामद हुआ था। शनिवार को फाफामऊ के पास गंगा में शांतिपुरम फाफामऊ के रहने वाले छात्र चाहत द्विवेदी और कृष्णा मिश्रा डूब गए थे।
दूसरे दिन इनका शव कर्जन ब्रिज के नीचे पानी में उतराया मिला था। घटना को दो दिन भी नहीं बीते कि संगम में फिर दो छात्रों के डूबने की सूचना मिल रही है। गर्मी बढ़ने के कारण बड़ी संख्या में लोग गंगा और संगम स्नान के लिए जा रहे हैं। घाटों की स्थिति का अंदाज न होने के कारण वह गहराई में चले जा रहे हैं। कई घाटों पर तो पुलिस की ओर से खतरे के निशान से संबंधित संकेतक नहीं लगाए गए हैं न ही कोई बैरिकेडिंग की गई है।