चोरी की घटना के दो साल बाद शराब के नशे में युवक ने चोरी कबूल की और चोरी का सामान छुपाने की जगह भी दिखाई। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मऊआइमा थाना क्षेत्र के कटाता जलालपुर गांव निवासी राम सजीवन के यहां 20 जनवरी 2023 को पानी की मोटर, सबमर्सिबल मशीन आदि की चोरी हुई थी। राम सजीवन ने 21 जनवरी 2023 को पुलिस को तहरीर देकर तीन लोगों को नामजद किया था। पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ की, लेकिन उन्होंने जुर्म नहीं कबूला, न ही कोई सबूत मिला। ऐसे में पुलिस ने शांतिभंग में उनका चालान कर दिया। इसके बाद भी गांव में चोरियां होती रहीं, लेकिन कोई पकड़ा नहीं गया।
राम सजीवन के परिवार वालों को जिन-जिन युवकों पर शक था, उन्हें पकड़ने की योजना बनाई। संदिग्ध आरोपियों को शराब पिलाई। नशे में धुत एक युवक से जब चोरी के बारे में पूछा गया तो उसने जुर्म कबूल लिए। पीड़ित पक्ष ने इस बात का वीडियो भी बना लिया, जो अब वायरल है।
हालांकि, अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। इस संबंध में थाना प्रभारी मऊआमा इंस्पेक्टर पंकज अवस्थी का कहना है कि यह वीडियो चार माह पूर्व बनाया गया था, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई थी। वर्तमान में पीड़ित पक्ष ने आरोपियों द्वारा धमकी देने की शिकायत की है, जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।