लालगोपालगंज में करीब छह महीने पहले गन हाउस में चोरी करने वाले तीन अन्य बदमाश बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिए गए। इनके कब्जे से चोरी किए गए दो रिवॉल्वर व 10 कारतूस बरामद किए गए। मामले मेें चार आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं।
बृहस्पतिवार को पकड़े गए आरोपियों में निजाम अहमद निवासी सोरांव, मो. वाहिद निवासी नवाबगंज मूल पता लखनऊ व छोटे उर्फ रहमत उल्ला निवासी हथिगवां प्रतापगढ़ शामिल हैं। उनके कब्जे से चोरी की बाइक भी बरामद हुई है। तीनों ने लालगोपालगंज स्थित सुशीला गन हाउस में पिछले साल 19 दिसंबर को हुई चोरी की वारदात में शामिल होने की बात कबूल की। घटना में पांच रिवॉल्वर, तीन डीबीबीएल, एक राइफल के अलावा 695 कारतूस चोरी हुए थे।
जिनमें से दो डीबीबीएल मई में हथिगवां, प्रतापगढ़ में मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए मो. रसीद के कब्जे से बरामद की गई थी। चोरी में शामिल तीन अन्य आरोपी मो. साकिर, रहमान व चंद्रशेखर पटेल कुछ दिनों पहले बम के साथ गिरफ्तार करते हुए जेल भेजे गए थे। एसपी गंगापार धवल जायसवाल ने बताया कि मामले में दो अभियुक्तों मो. इरफान व मो. वसी निवासी नवाबगंज की गिरफ्तारी शेष है। उनकी गिरफ्तारी के साथ ही तीन रिवॉल्वर व एक राइफल की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।