उत्तर मध्य रेलवे ने सशक्त सैटेलाइट स्टेशन के रूप सूबेदारगंज स्टेशन को विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। यहां प्लेटफॉर्मों की संख्या छह से बढ़ाकर आठ की जाएगी।
उत्तर मध्य रेलवे ने सशक्त सैटेलाइट स्टेशन के रूप सूबेदारगंज स्टेशन को विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। यहां प्लेटफॉर्मों की संख्या छह से बढ़ाकर आठ की जाएगी। रेलवे ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। पूरी परियोजना को 18 महीने के भीतर धरातल पर उतारने का लक्ष्य रखा गया है। सूबेदारगंज स्टेशन के मास्टर प्लान में नए प्लेटफॉर्म संख्या सात और आठ के निर्माण के लिए वर्तमान लाइन संख्या दो और तीन को हटाया जाएगा। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सभी आठ प्लेटफॉर्म एक सीधी कतार में नजर आएंगे।
विज्ञापन
यात्रियों की सहूलियत के लिए प्लेटफॉर्म नंबर एक से एक नया फुट ओवर ब्रिज बनाया जाएगा, जो सभी प्लेटफॉर्मों को जोड़ेगा। स्टेशन के दक्षिणी हिस्से यानी जीटी रोड की तरफ अब भव्य बदलाव की तैयारी है, जहां नए प्रवेश द्वार के साथ-साथ टिकट बुकिंग काउंटर और दिव्यांगों व बुजुर्गों के लिए विशेष रैंप का निर्माण किया जाएगा।
वर्ष 2031 में लगने वाले कुंभ मेले के लिए सूबेदारगंज को विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है। स्टेशन को मल्टी-फंक्शनल कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित करने की योजना है। यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाने के लिए वातानुकूलित प्रतीक्षालय, आधुनिक रिटायरिंग रूम और डिजिटल कोच गाइडेंस सिस्टम जैसी सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएंगी।