सोरांव -- नवजात शिशुओं की मौत से आक्रोशित लोगों द्वारा सड़क पर लगाते जाम
- फोटो : Archive
अकारीपुर गांव के निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान दो नवजात बच्चों की मौत हो गई। प्रसूता आरती देवी की हालत गंभीर होने पर उसे प्रयागराज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से आक्रोशित परिजनों ने सड़क जाम कर दिया, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को सील कर दिया।
सोरांव थाना क्षेत्र के हाजीगंज गांव की आरती देवी का इलाज अकारीपुर स्थित सुमन हॉस्पिटल में चल रहा था। करीब एक सप्ताह पहले उन्हें प्रसव के लिए भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने आरती को प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में आपरेशनके लिए भेजा था।
बीते 16 अगस्त को आरती ने दो बच्चों को जन्म दिया, जिनमें से एक की जन्म के तुरंत बाद मौत हो गई। दूसरे नवजात की मौत बीते मंगलवार को सुमन हॉस्पिटल में इलाज के दौरान हुई। बृहस्पतिवार को हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने आरती को डिस्चार्ज कर दिया। ऐसे में मायके वालों ने उसे प्रयागराज के एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
इधर, आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी सुमन हॉस्पिटल के सामने सोरांव-फूलपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। सहायक पुलिस आयुक्त श्याम जीत प्रमिला सिंह समेत पुलिस बल ने समझाने का प्रयास किया। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी आरसी पांडेय और जिला स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी पंकज पांडेय की टीम ने लापरवाही पर सुमन हॉस्पिटल का रजिस्ट्रेशन निलंबित कर सील कर दिया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित कर कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। सोरांव प्रभारी निरीक्षक दीनदयाल सिंह ने बताया कि प्रसूता की मां सीता देवी की तहरीर पर अस्पताल संचालक सुमन, डॉ. रोहित और तीन-चार अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।