अंतू पुलिस द्वारा धरे गये पच्चीस पच्चीस हजार के इनामी व गैंगेस्टर के वांछित अपराधी।
- फोटो : PRATAPGARH
ट्रक चालकों की हत्या कर ट्रक बेचने वाले गैंग के फरार दो शातिर बदमाशों को दबोच लिया। वे गैंगस्टर के मामले में फरार चल रहे थे। दोनों के ऊपर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
ट्रक चालकों की हत्या कर वाहन लूटने वाले गैंग के दो सदस्यों पर पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। वे पुलिस के हाथ नहीं लग रहे थे। इसलिए पुलिस ने उनके ऊपर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। सीओ सिटी अतुल शर्मा के नेतृत्व में स्वॉट टीम व अंतू पुलिस ने रामगढ़ तिराहा के पास रविवार को दिन में गैंगस्टर के फरार बदमाश शकील अहमद पुत्र जमील अहमद निवासी भागीपुर थाना रानीगंज व अमजद खां पुत्र शाकिर अली निवासी मुनी का पुरवा दरियापुर को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान उनके पास से कुछ नहीं मिला। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी। सीओ सिटी ने बताया कि शकील के ऊपर कोहड़ौर में लूट, जानलेवा हमला के चार मुकदमे दर्ज हैं। अमजद के खिलाफ कोहड़ौर में चार मुकदमे दर्ज हैं। काफी दिनों से उनकी तलाश थी।
दूसरी ओर पट्टी पुलिस ने भी पूरे देवजानी निवासी शातिर बदमाश इकलाख पुत्र इकबाल को दबोच लिया। उसके पास से तमंचा बरामद हुआ। उसके खिलाफ पट्टी व कंधई थाने में आठ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस को उसकी भी काफी दिनों से तलाश थी लेकिन वह हाथ नहीं आ रहा था।