कोरोना ने मंगलवार को दो डॉक्टर सहित कुल 49 नए लोगों को अपनी जद में लिया वहीं सीबीएसई के कार्यालय अधीक्षक समेत दो लोगों की मौत हो गई। इससे कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 27079 पहुंच गई है। कोरोना के नोडल ऑफिसर डॉ. ऋषि सहाय ने इसकी पुष्टि की।
डॉ. सहाय ने बताया कि मंगलवार को कुल 5785 लोगों की जांच की गई है। इसके अलावा 67 लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं। पांच लोगों को एसआरएन चिकित्सालय से छुट्टी दी गई है जबकि 63 लोगों का होम आइसोलेशन पूरा हुआ है। अब तक कुल 26031 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। इनमें से 19515 लोगों का होम आइसोलेशन पूरा हुआ है। एक्टिव केसों की संख्या कुल 696 रह गई है।
इसमें से एसआरएन में 58, बेली में 22 और निजी अस्पताल में 14 लोग भर्ती हैं। बाकी 602 लोग होम आइसोलेशन में हैं। मंगलवार को सीआरपीएफ के रेडियोलॉजिस्ट, स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय मेडिसिन विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर, एआरटीओ, एनटीपीसी के इंजीनियर, हाईकोर्ट के स्टैंडिंग काउंसिल, नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूशन के स्टेनो, सेल्स टैक्स ऑफिसर आदि संक्रमित हुए हैं। इसके अलावा स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में दो लोगों की मौत हो गई। इसमें एक कौशांबी का निवासी है जबकि दूसरा बारा का 54 वर्षीय व्यक्ति है। वह पांच को भर्ती हुआ था। बहुत दिनों से सांस का मरीज था।