फोटो कैप्शन: मांडा के बरहा कला गांव में मारपीट के मामले में वायरल वीडियो का ग्रैब।
- फोटो : Samvad
थाना क्षेत्र के बरहा कला गांव में खड़ंजा मार्ग को लेकर चल रहे विवाद ने बृहस्पतिवार शाम तूल पकड़ लिया। शिकायत की जांच के लिए पहुंची पुलिस के सामने ही दोनों पक्षों में मारपीट व पथराव होने लगा। मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि, अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
गांव निवासी बसंत लाल उर्फ राजेश ने आरोप लगाया कि कुछ लोग फावड़ा लेकर मंदिर के पास पहुंचे और खड़ंजा मार्ग व फर्श को तोड़ने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और पुलिस की मौजूदगी में ही दोनों पक्षों में जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान ईंट-पत्थर भी चले, जिसमें पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनिल कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे और घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि बरहा कला निवासी तौलन और बसंत लाल के परिवार के बीच खड़ंजा मार्ग पर कब्जे को लेकर विवाद हुआ है। दोनों पक्षों के चार लोगों को चोटें आई हैं। तहरीर मिलने पर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फोटो कैप्शन: मांडा के बरहा कला गांव में मारपीट के मामले में वायरल वीडियो का ग्रैब।- फोटो : Samvad