सुल्तानपुर जनपद की दो छात्राओं के शव सोमवार की सुबह आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के नीमा हाल्ट के करीब रेलवे लाइन के बीच मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर दोनों छात्राओं के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शवों को शिनाख्त की। दोनों के चेहरे व गले पर चोट के निशान थे। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। मौके से मिले स्कूली बैग की कापी में एक नोट लिखा था। जिस पर सामान घर तक पहुंचा देने की बात लिखी है। पुलिस फौरी तौर पर घटना को खुदकुशी मान रही है।
आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के नीमा हाल्ट के करीब रेलवे लाइन के बीच में सोमवार की सुबह दो छात्राओं के शव देख हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर देवसरा पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल के करीब ही एक बैग मिला, जिससे दोनों की शिनाख्त हो सकी। पुलिस ने बैग की तलाशी ली तो उसमें रखी एक कापी में नोट लिखा था कि मेरा सामान मेरे घरवालों को पहुंचा देना। मृत छात्राओं की पहचान अर्चना (17) पुत्री श्रीराम निवासी गोसाई का पुरवा और कविता वर्मा (16) पुत्री रामलवट वर्मा निवासी कोथराखुर्द घूरीपुर थाना लंभुआ जनपद सुल्तानपुर के रूप में हुई।
कुछ देर बाद दोनों छात्राओं के पिता व भाई घटनास्थल पर पहुंचे। शव देखते ही बिलखने लगे। अर्चना के पिता श्रीराम ने बताया कि शनिवार को कालेज से वह अपनी सहेली कविता को साथ लेकर घर आई थी। अंधेरा होने के कारण उसे घर पर ही रोक लिया और उसके घरवालों को जानकारी देने के बाद रविवार जाने की बात बताई। रविवार दोपहर करीब ढाई बजे कविता को पहुंचाने के लिए अर्चना घर से निकली, लेकिन वह घर नहीं पहुंचीं। दोनों के परिजन रात भर उनकी तलाश करते रहे, लेकिन सुराग नहीं लगा। सुबह दोनों के आत्महत्या की खबर पुलिस से मिली।
मृतका अर्चना के भाई पप्पू व कविता के पिता रामलवट ने हत्या की आशंका जताई। कहा कि दोनों के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। इससे साफ है कि उनकी हत्या कर शव रेलवे लाइन पर फेंका गया है। एएसपी पूर्वी अवनीश मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।