कोरांव-ड्रमंडगंज मार्ग पर बढ़वारी खुर्द गांव में रविवार रात बरात में जा रही दो कार पुलिया से टकराकर नहर में गिर गई। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से कारों को बाहर निकाला गया। हादसे में दो कार सवार नहीं मिले। देर रात तक उनकी खोजबीन होती रही।
खीरी थाना क्षेत्र के गडरी गांव निवासी लालजी शुक्ल सीआरपीएफ में एएसआई हैं। रविवार रात उनके बेटे अभिषेक की बरात कोरांव के घूघा गांव जा रही थी। बरात में शामिल दो कारें अंधेरे में अनियंत्रित होकर नहर की पुलिया में टकराईं और नीचे जा गिरीं। पास में मौजूद कुछ ग्रामीणों ने शोर मचाया तो और लोग भी पहुंच गए। इतने में पुलिस भी पहुंच गई।
एक कार किसी तरह खींच कर किनारे कर दी गई। कार से रीवा के शुभम शुक्ला, सौरभ गौतम, आजमगढ़ के संदीप, जौनपुर के विशाल मौर्य, गाजीपुर के वसीम और बरेली के अनूप सिंह व रोहित सहित सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं गाजीपुर के प्रदीप कुशवाहा और अंशु का पता नहीं चल सका। पुलिस टीम उनकी खोजबीन में जुटी है। दूसरी कार को पुुलिस ने जेसीबी से बाहर निकाला।
मौके पर पहुंचे एसीपी मेजा एसपी उपाध्याय ने बताया कि दोनों कारों को बाहर निकाल लिया गया है। दो लोगों के लापता होने की सूचना है। एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। संवाद