चित्र परिचय------- दो बेटों की मौत के बाद घटनास्थल पर रोती बिलखती मां शांति देवी ( संवाद न्यूज
परसरा गांव में शिव चर्चा से लौटते समय दो भाइयों की डंपर की टक्कर से मौत हो गई। उनकी मां शांति देवी इस हादसे में बाल-बाल बच गईं। पुलिस ने डंपर चालक को पकड़ लिया है और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
धूमनगंज के पीपलगांव की निवासी शांति देवी (45) अपने बेटों प्रियांशु (18) और शिवांशु (3) के साथ परसरा गांव में शिव चर्चा में गई थीं। शिव चर्चा के दौरान उनका एक महिला से विवाद हो गया। विवाद से नाराज होकर शांति देवी वहां से पैदल ही जसरा के लिए चल पड़ीं। कुछ देर बाद उनके बड़े बेटे प्रियांशु ने छोटे भाई शिवांशु के साथ पचखरा गांव के पास मां को मनाया। वे तीनों बाइक से घर जाने के लिए निकले। पचखरा गांव में पहुंचते ही पीछे से आ रही एक डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में प्रियांशु और शिवांशु की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर घूरपुर और बारा पुलिस मौके पर पहुंची।
शांति देवी ने रोते हुए बताया कि उनके पति राकेश पीपलगांव में लाई और चना बेचने का काम करते हैं। प्रियांशु उनके चार बेटों में सबसे बड़ा था और बाजार में आरओ का पानी सप्लाई करता था। शांति देवी ने कहा कि यदि उनका विवाद न हुआ होता तो वह इतनी रात को घर न जातीं और मंदिर में ही सो जातीं।
घूरपुर थाना अध्यक्ष हरिकेश सिंह ने बताया कि ग्रामीणों ने डंपर चालक को पकड़ लिया था। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच की जा रही है।