प्रयागराज। मुट्ठीगंज के बड़ा चौराहा पर आधी रात ट्रक चालक बृजेंद्र कुमार यादव को सरेआम कार सवार अगवा कर ले गए। इससे पहले मारपीट करते हुए उससे 19 हजार रुपये भी छीन लिए। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने दो घंटे बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उनके दो साथी भाग निकले। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
कड़ेभार, सुल्तानपुर का रहने वाला बृजेंद्र (38) ट्रक चालक है। रविवार रात वह चावल लादकर मुट्ठीगंज के एक व्यापारी के पास आया था। चावल उतारने के बाद वह रात करीब 11.30 बजे वापस जाने के लिए ट्रक बैक कर रहा था। इसी दौरान वहां खड़ी कार में ट्रक से टक्कर लग गई। इस पर कारसवार चार युवकों ने उसे पहले जमकर पीटा और फिर कार में खींचकर भाग निकले। घटना की सूचना पुलिस को मिली तो हड़कंप मच गया। आननफानन में पूरे इलाके में नाकेबंदी की गई और करीब दो घंटे बाद लल्लू चौराहे के पास से आरोपियों की कार को पुलिस ने रोक लिया। जिसके बाद ट्रक चालक को मुक्त कराते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि आरोपियों के दो साथी भाग निकले। भुक्तभोगी ने बताया कि आरोपियों ने कार में भी उसे पीटा और उसका मोबाइल व 19500 रुपये छीन लिए। मुट्ठीगंज इंस्पेक्टर विनोद कुमार सरोज ने बताया कि भुक्तभोगी की तहरीर पर अपहरण व लूट के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें मुट्ठीगंज का शिवम केसरवानी व कीडगंज निवासी आदित्य तिवारी शामिल हैं। उन्हें जेल भेज दिया गया है। दोनों के पास से लूट के 19.5 हजार में से सात हजार रुपये भी मिले हैं। उनका कहना है कि बाकी पैसे उनके दोनों साथी लेकर भाग निकले। मौके से फरार आरोपियों के दो साथियों की तलाश की जा रही है।