नगर निगम ने पार्किंग सुविधा लागू करने के लिए दो संस्थाओं को नामित किया है। इनमें एक संस्था प्रयागराज की है। हालांकि व्यवस्था को धरातल पर लाने के लिए अभी तीन माह लगेंगे। ऐसे में लोगों को इन तीन महीने तक पार्किंग का कोई शुल्क नहीं देना होगा। निगम के अधिकारियों का कहना है कि नए संचालक के आने से न केवल पार्किंग शुल्क का प्रबंधन बेहतर होगा, बल्कि शहरवासियों को सुरक्षित और व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा भी प्राप्त होगी। दोपहिया वाहनों के दो घंटे खड़े होने पर 15 व चारपहिया वाहनों के दो घंटे खड़े होने पर 30 रुपये शुल्क वसूला जाएगा।
अपर नगर आयुक्त अरविंद राय ने बताया कि पार्किंग के लिए दो संस्थाओं को नामित किया गया है। तीन महीने तक संस्थाएं चिह्नित मार्गों पर मार्किंग का काम करेंगी। इसमें करीब तीन माह लगेंगे। ऐसे में तीन महीने तक पार्किंग सुविधा लोगों के लिए निशुल्क रहेगी।
दो पैकेज में व्यवस्था होगी लागू
पार्किंग की सुविधा दो पैकेज में लागू होगी। पहले पैकेज में एमजी रोड, सरदार पटेल रोड, पीडी टंडन रोड, हाई कोर्ट के पीछे और नवाब यूसुफ रोड शामिल हैं। दूसरे पैकेज में कमला नेहरू रोड, थॉर्नहिल रोड, पन्ना लाल रोड और एसआरएन हॉस्पिटल के पास एमजी रोड पर काम होगा। इनमें एमजी रोड पर 2000 मीटर की कुल लंबाई में दोनों तरफ पार्किंग की सुविधा होगी, जिससे 556 प्रभावी ईसीएस (45 डिग्री पर पार्क किए गए वाहन) की क्षमता मिलेगी।
सरदार पटेल रोड पर 1000 मीटर की लंबाई में दोनों तरफ पार्किंग होगी, जिसकी क्षमता 278 प्रभावी ईसीएस होगी। पीडी टंडन रोड पर 500 मीटर की लंबाई में एक तरफ पार्किंग होगी, जिससे 69 प्रभावी ईसीएस की जगह मिलेगी। हाईकोर्ट के पीछे इलाहाबाद बैंक के पास 350 मीटर की लंबाई में दोनों तरफ पार्किंग होगी, जिसकी क्षमता 97 प्रभावी ईसीएस होगी। हाईकोर्ट के सामने और नवाब यूसुफ रोड पर नो-पार्किंग क्षेत्र का चिह्नितीकरण किया जाएगा।
पैकेज दो में शामिल सड़कें
कमला नेहरू रोड पर 1000 मीटर की लंबाई में एक तरफ पार्किंग होगी, जिससे 139 प्रभावी ईसीएस की क्षमता मिलेगी। थॉर्नहिल रोड पर 500 मीटर की लंबाई में दोनों तरफ पार्किंग होगी, जिसकी क्षमता 139 प्रभावी ईसीएस होगी। पन्ना लाल रोड पर 500 मीटर की लंबाई में एक तरफ पार्किंग होगी, जिससे 69 प्रभावी ईसीएस की जगह मिलेगी। एसआरएन हॉस्पिटल के पास एमजी रोड पर 250 मीटर की लंबाई में एक तरफ पार्किंग होगी, जिसकी क्षमता 35 प्रभावी ईसीएस होगी। इन सभी सड़कों पर पार्किंग और नो-पार्किंग क्षेत्रों का चिह्नितीकरण किया जाएगा और पार्किंग शुल्क भी वसूला जाएगा।