सवारियों के साथ लूट करने वाले दो अभियुक्तों को नैनी पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को आरटीओ कार्यालय जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया है। उनके पास से घटना के प्रयुक्त किए गए ऑटो व 26 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। टीम ने तुफानी पटेल निवासी ददरी थाना नैनी व सोनू शर्मा निवासी रमना थाना मऊआइमा, हाल पता छोटा चाका को गिरफ्तार किया है। पुलिस उनके अन्य सहयोगियों की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार दीपक कुमार प्रजापति पुत्र शोभा लाल प्रजापति निवासी कड़ा कौशाम्बी व दीपक दिवाकर पुत्र भोलानाथ दिवाकर निवासी डांडी बरगदी कनैली के साथ छिवकी स्टेशन पर उतरने के बाद सिविल लाइंस बस अड्डे जाते समय लूट हुई थी। मामले में पीड़ितों ने नैनी कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई थी। अभियुक्तों ने पीड़ितों के मोबाइल से ऑनलाइन पैसे भी ट्रांसफर किए थे।
मामले के खुलासे के लिए एसओजी और नैनी पुलिस की संयुक्त टीम काम कर रही थी। टीम ने शुक्रवार को मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्तों ने बताया कि वह अन्य साथियों के साथ मिलकर रात में छिवकी स्टेशन पर ट्रेन से उतरने वाली सवारियों को प्रयागराज ले जाने के लिए बहला-फुसलाकर बैठा लेते थे और रास्ते में लूट की वारदात को अंजाम देते थे। वह सवारियों से ऑनलाइन पैसे भी ट्रांसफर कराते थे। पकड़े गए अभियुक्त तुफानी के खिलाफ नैनी में तीन व सोनू के खिलाफ नैनी में दो मुकदमे दर्ज हैं।