Two 10 year old friends left home
घर छोड़कर घूमने निकल पड़े दस साल के दोस्त
गोंडा जीआरपी ने स्टेशन से पकड़ा, पुलिस के साथ घर वाले रवाना
प्रयागराज। अल्लापुर में एक स्कूल में कक्षा पांच में पढ़ने वाले दो बच्चे घर छोड़कर घूमने निकल पड़े। बुधवार की दोपहर जब वे स्कूल नहीं पहुंचे तो घर वालों ने अपहरण की एफआईआर दर्ज करा दी। गुरुवार को पता चला कि दोनों बच्चों को गोंडा स्टेशन के पास जीआरपी ने पकड़ लिया। दोनों ने रोते हुए पूरी बात बताई। उन्हें वहां जिला बाल संरक्षण गृह में रखा गया है। पुलिस के साथ घर वाले भी गोंडा के लिए रवाना हो गए।
कोरांव के रहने वाले कमलेश कुमार सिंह किसान हैं। उनका दस साल का बेटा अल्लापुर में एक कांवेंट स्कूल में कक्षा पांच का छात्र है। वह यहां पर अपने चाचा के साथ रहता है। कुछ दिन पहले बच्चे ने स्कूल में पढ़ने वाले अपने एक दोस्त के साथ घूमने का प्लान बनाया। बुधवार की सुबह बच्चे ने स्कूल बैग में कपड़े रखे और स्कूल के लिए निकल गया। स्कूल में उसने पेट दर्द का बहाना किया तो मैडम ने उसके दोस्त और पड़ोस में रहने वाले एक और बच्चे को घर पहुंचाने के लिए भेज दिया। बाहर निकलकर दोनों दोस्तों ने पड़ोस में रहने वाले बच्चे को वापस स्कूल भेज दिया और किसी ट्रेन पर बैठकर घूमने निकल पड़े। उधर कमलेश ने दोनों बच्चों के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस ने सोशल मीडिया के साथ प्रदेश के सभी जीआरपी और आरपीएफ स्टेशनों को सूचना भेज दी। गुरुवार की शाम गोंडा से फोन आया कि दोनों बच्चों को पकड़ लिया गया है। उन्हें जिला बाल संरक्षण गृह में रखा गया है। सूचना पर पुलिस के साथ घर वाले वहां के लिए चल दिए।