नए मोटर व्हीकल कानून के विरोध में ट्रक चालकों ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। प्रतापगढ़, कौशाम्बी के साथ प्रयागराज के कई इलाकों में चालकों ने ट्रकों को सड़क पर खड़ा कर चक्काजाम किया। कानून में फिर से संशोधन की मांग की गई।
मोटर व्हीकल एक्ट संशोधन को लेकर सोमवार को ट्रक चालकों ने ट्रकों का संचालन रोककर धरना प्रदर्शन करते हुए कानून का विरोध किया। इसके चलते कई जगहों पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
विज्ञापन
ट्रक चालकों ने एक्ट में संशोधन को काला कानून बताया। कहा कि इस एक्ट में वाहनों के चालक को 12 साल की सजा का प्रावधान है और उस पर सात लाख का जुर्माना भी लगाया जाएगा। इससे ट्रांसपोर्ट कारोबार पूरी तरह से बर्बाद हो जाएगा। चालकों ने कहा कि ट्रक चालक दिन रात कड़ी मेहनत कर परिवार का खर्चा चलाते हैं। अब इस कानून से वह कहां से इतना बड़ा जुर्माना दे सकेंगे। यह सीधा-सीधा हमारा उत्पीड़न है।
चालकों ने प्रयागराज के गंगापार और यमुना पार इलाकों के साथ ही बमरौली, प्रतापगढ़ और कौशाम्बी आदि इलाकों में ट्रक को खड़ाकर विरोध प्रदर्शन किया। इससे आवागमन की स्थिति प्रभावित हुई। पुलिस ने ट्रक चालकों को समझाने बुझाने का प्रयास किया। चालकों का कहना था कि सरकार ट्रक चालकों और ट्रांसपोर्ट व्यवसाय के साथ अन्याय कर रही है। इस कानून में जब तक पुन: संशोधन नहीं किया जाता तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।