हंडिया थाना क्षेत्र के ऊपरदहां गांव स्थित नेशनल हाईवे पर बृहस्पतिवार को हुए सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। प्रयागराज की ओर जा रही एक ट्रक में पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और चालक बोनट में फंस गया।
हादसे में मृत चालक की पहचान 42 वर्षीय बलराम यादव पुत्र चंद्रपाल यादव निवासी जनपद एटा के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक घंटों तक क्षतिग्रस्त ट्रक के बोनट में फंसा रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस ट्रक में पीछे से टक्कर मारी गई, उसका अगला पहिया पंक्चर हो गया था जिसके कारण वह नेशनल हाईवे के किनारे खड़ी थी। उक्त ट्रक में सरिया लदा हुआ था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी ट्रक चालक संतुलन नहीं बना सका और सीधे खड़ी ट्रक में जा घुसा।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे के कारण कुछ समय तक नेशनल हाईवे पर यातायात बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर आवागमन बहाल कराया।