मृतक प्रमोद कुमार मिश्रा की फाइल फोटो
गांव बरम की मोरी के पास बुधवार देर रात करीब 2 बजे ट्रक के टायर में फंसी गिट्टी निकाल रहे चालक को पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान प्रमोद कुमार मिश्रा (40) पुत्र रामायण प्रसाद निवासी हटवा, थाना शाहपुर, जिला मऊगंज (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई। प्रमोद मिर्जापुर से ट्रक में मक्का लादकर नैनी जा रहे थे। बरम की मोरी के पास उनके ट्रक के टायर में गिट्टी फंस गई थी। वह उसे निकालने के लिए नीचे उतरे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए एक अन्य ट्रक ने उन्हें रौंद दिया।
मृतक दो भाइयों में छोटे थे। परिवार में पत्नी सीमा मिश्रा और 8 वर्षीय बेटी अनन्या उर्फ शिवांगी हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।