भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपलआईटी) देश का पहला ऐसा शैक्षिक संस्थान होगा, जहां वर्ष भर में तीन सेमेस्टर प्रणाली लागू की जाएगी। अर्थात चार महीने की एक सेमेस्टर प्रणाली लागू किए जाने के बाद छात्रों एवं शिक्षकों, दोनों के लिए अतिरिक्त शैक्षिक उन्नति का मौका मिलेगा। ट्रिपलआईटी के नवनियुक्त निदेशक प्रो. नागभूषण ने संस्थान की शैक्षिक उन्नति के लिए कई प्रकार के सुधारों की घोषणा की है। 19 मई को निदेशक का पदभार ग्रहण करने के बाद वह पहली बार सोमवार को पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने विजन डाक्यूमेंट बनाए जाने की घोषणा की। बताया कि वर्ष में तीन सेमेस्टर को लेकर संस्थान श्वेत पत्र जारी करेगा। इसके लिए डीन एवं विभागाध्यक्षों की कमेटी बना दी गई है।
प्रो. नागभूषण ने बताया कि वर्ष भर में तीन सेमेस्टर किए जाने से छात्र-छात्राएं कम समय में स्नातक, परास्नातक कक्षाओं की पढ़ाई पूरी कर सकेंगे। बीटेक की आठ सेमेस्टर की पढ़ाई ढाई वर्ष में पूरी की जा सकेगी। विद्यार्थियों को सुविधा होगी कि वह पहले वर्ष में तीन सेमेस्टर पास कर लें और अगले वर्ष दो सेमेस्टर अथवा एक सेमेस्टर की परीक्षा देकर शेष अवधि का उपयोग रिसर्च के काम के साथ भारतीय इंजीनियरिंग सेवा सहित अन्य प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी में लगा सकें। निदेशक ने बताया कि तीन सेमेस्टर की व्यवस्था लागू होने के बाद शिक्षकों पर भी बोझ कम होगा। संस्थान 2019-20 में अपनी स्थापना के 20 वर्ष पूरा कर रहा है। नई सेमेस्टर प्रणाली को इसी दौरान लागू किए जाने की योजना है। ट्रिपलआईटी में इस व्यवस्था को लागू किए जाने के बाद देश के अन्य संस्थान भी इसे अपना सकते हैं।
प्रो.नागभूषण ने बताया कि संस्थान में वाटर हारवेस्टिंग, वाटर रिसाइकिल, सालिड वेस्ट मैनेजमेंट की व्यवस्था की जा रही है। लैब को पूरी तरह से पब्लिक इंटरेस्ट में बदला जाएगा। संस्थान में बदलाव के लिए एमटेक एवं पीएचडी कोर्स को अपग्रेड किया जा रहा है।
ट्रिपलआईटी निदेशक ने संस्थान को बदलावों से जोड़ते हुए घोषणा की है कि अब अलग-अलग विभाग को स्कूल नाम दिया गया है। इसमें हर विभाग और सेंटर को अपने क्षेत्र में योगदान के नाम से जाना जाएगा। नए स्कूल इस प्रकार से होंगे। देश के कई संस्थानों में पहले से स्कूल सिस्टम लागू है।
0 स्कूल ऑफ कंप्यूटर साइंस एंड इनफारमेशन टेक्नालॉजी
0 स्कूल ऑफ इलेक्ट्रानिक्स, कम्युनिकेशन, इंस्ट्रूमेंटेशन एंड कंट्रोल
0 स्कूल ऑफ एप्लाइड साइंस एंड टेक्नालॉजी
0 स्कूल ऑफ मैनेजमेंट
ट्रिपलआईटी निदेशक प्रो. पी नागभूषण के मुताबिक संस्थान की स्थापना के 20 वर्ष पूरे होने पर 12 अगस्त 2019 से 15 अगस्त 2020 तक पूरे साल कार्यक्रम आयोजित करेगा। 2020 के पूरे आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रो. जीसी नंदी की अगुवाई में कमेटी बनाई गई है। इस कमेटी में डॉ. विजय कुमार चौरसिया को शामिल किया गया है। एकेडमिक एसेसमेंट कमेटी के लिए प्रो. अनुपम और प्रो.शेखर वर्मा की कमेटी बनाई गई है। 2020 का विजन डाक्यूमेंट तैयार करने के लिए प्रो. यूएस तिवारी की अगुवाई में कमेटी बनी है। वर्ष भर में तीन सेमेस्टर प्रणाली लागू करने के लिए प्रो. टी लाहिड़ी की अगुवाई में कमेटी बनी है। वर्षभर चलने वाले कार्यक्रम में ट्रिपलआईटी इलाहाबाद के साथ ही दूसरे ट्रिपलआईटी के छात्र-छात्राएं विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इससे युवा प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिलेगा।
0 ट्रिपलआईटी में नौ सितंबर को दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया है।
0 12 अगस्त को संस्थान का स्थापना दिवस होगा।
0 अक्तूबर-नवंबर के बीच संस्थान में पहली बार पुराछात्र सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
भारतीय सूचना प्रोद्योगिकी संस्थान ट्रिपलआईटी को एक साइंस मैगजीन की ओर से कराए गए सर्वे में देश के सरकारी तकनीकी संस्थानों में 20 वां स्थान मिला है। इस रैंकिंग में आईआईटी खडकपुर को पहला, आईआईटी मुंबई को दूसरा एवं ट्रिपलआईटी हैदराबाद को तीसरा स्थान मिला है। संस्थान के निदेशक प्रो. पी नागभूषण ने संस्थान की उपलब्धि पर शिक्षकों एवं छात्रों को बधाई दी है।