प्रयागराज। नौ अगस्त को प्रयागराज में एक साथ 2.56 लाख पौधे रोपे जाएंगे जबकि पूरे मंडल में 7.19 लाख रूपये रोपे जाने का लक्ष्य तय किया गया है। वहीं, प्रशासनिक हलके में सीएम योगी आदित्यनाथ के भी प्रयागराज में मौजूद रहने की चर्चा है। सीएम के कार्यक्रम की संभावना को देखते हुए भी तैयारियां की जा रही हैं। शनिवार को पौधरोपण कार्यक्रम को लेकर उद्यान विभाग के नोडल अधिकारी संयुक्त निदेशक डा.वीवी द्विवेदी ने समीक्षा की। उन्होंने प्रयागराज मंडल में ही पौधों को तैयार करके उनको लगाए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने राजकीय पौधशालाओं में तैयार किए गए पौधों का निरीक्षण किया और कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि राजकीय पौधशाला, खुसरूबाग एवं कंपनीबाग की पौधशालाओं में पौधे सामान्य लोगों को भी उपलब्ध कराए जाएंगे। अमरूद, नीम, करौंदा, जामुन समेत अन्य तमाम प्रजातियों के पौधों को इन केंद्रों से निशुल्क दिया जाएगा। इसके अलावा कृषकों को भी पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। यह सभी 9 अगस्त को एक साथ पौधरोपण कार्यमक्रम के दौरान पौधे रोपेंगे। इस दौरान डा.विनीत कुमार उपनिदेशक, डा.केएम चौधरी, मुख्य उद्यान निरीक्षक, सीमा राजा अधीक्षक कंपनी बाग, विजय किशोर सिंह फतेहपुर, प्रतिभा पांडेय जिला उद्यान अधिकारी, सुरेंद्र राम भाष्कर कौशांबी समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।