Speed ??of trains will be increased from Prayagraj to Mumbai route
इसी वित्तीय वर्ष मुंबई रूट पर बढ़ जाएगी ट्रेनों की स्पीड
0 विद्युतीकरण का कार्य पूरा होने के बाद मुंबई जाने से एक से दो घंटे की होगी बचत
0 दो वर्ष के दौरान कोर ने सात हजार रूट किलोमीटर का किया विद्युतीकरण
प्रयागराज। इलाहाबाद-मुंबई रेलमार्ग पर इसी वित्तीय वर्ष ट्रेनों की स्पीड बढ़ जाने की उम्मीद है। यह संभव होगा इस रूट के विद्युतीकरण होने से। प्रयागराज स्थित केंद्रीय रेल विद्युतीकरण संगठन (कोर) की ओर से इस रूट के बचे हुए सतना-कटनी रेलखंड पर इसी वित्तीय वर्ष रेल विद्युतीकरण पूरा करने का दावा किया है। इलेक्ट्रिक इंजन लगी ट्रेनों के शुरू होने के बाद संबंधित रूट पर चलने वाली तमाम ट्रेनों की स्पीड में इजाफा हो जाएगा।
दरअसल इलाहाबाद जंक्शन से से मुंबई छत्रपति शिवाजी टर्मिनल रेलवे स्टेशन की कुल दूरी 1362 किलोमीटर है। अभी इस रूट पर इटारसी-मुंबई रेलखंड पर ही इलेक्ट्रिक इंजन लगी ट्रेनों का संचालन हो रहा है। इस वजह से तमाम ट्रेनें जंक्शन एवं छिवकी से इटारसी तक डीजल इंजन से ही चलती है। इटारसी-इलाहाबाद के तकरीबन 610 किलोमीटर लंबे रेल ट्रैक पर अब सिर्फ सतना और कटनी के बीच ही रेल विद्युतीकरण का कार्य रह गया है। शेष मार्ग पर कोर ने विद्युतीकरण का काम पूरा कर लिया है। सतना से कटनी के बीच 98 किलोमीटर की दूरी पर रेल विद्युतीकरण का काम इसी वित्तीय वर्ष में पूरा कर लिया जाएगा। यह काम पूरा होते ही इलाहाबाद-मुंबई रेलखंड इलेक्ट्रिक इंजन लगी ट्रेनों की शुरूआत हो जाएगी। इससे वहां पहुंचने में दो घंटे की बचत होगी। कोर द्वारा बीते दो वर्ष के दौरान महाप्रबंधक रतन लाल के नेतृत्व में देश के विभिन्न रेलखंडोें में सात हजार रूट किलोमीटर का विद्युतीकरण किया जा चुका है। योजना है कि 2021-22 तक देश के सभी ब्रॉड गेज मार्ग का विद्युतीकरण कर लिया जाए। इसके अलावा उन्नाव-ऊंचाहार के बीच भी इसी वित्तीय वर्ष में रेल विद्युतीकरण का काम पूरा कर लेने की उम्मीद है।