वायरल वीडियो मामले में पूर्व एसओजी प्रभारी हटाए गए
जुआ संचालक संग आए थे नजर, जोनल सर्विलांस टीम से वापस मूल तैनाती स्थल बांदा भेजे गए
प्रयागराज। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के मामले में पूर्व एसओजी प्रभारी वृंदावन राय पर कार्रवाई हुई। उन्हें जोनल सर्विलांस सेल से हटाकर वापस उनके मूल तैनाती स्थल बांदा भेज दिया गया। फिलहाल वह जोनल सर्विलांस टीम में विशेष ड्यूटी पर तैनात थे। वायरल वीडियो में वह नैनी निवासी जुआ अड्डा संचालक संग नजर आए थे। यही नहीं उसे अपना भाई बताते हुए भी दिख रहे थे। कथित रूप से यह वीडियो पुलिस लाइन स्थित सरकारी क्वार्टर का बताया जा रहा है। इसमें एसओजी में तैनात विनोद सिंह व एक अन्य सिपाही भी दिख रहा था। गौरतलब है कि दो दिन पहले ही जिला पुलिस व साइबर थाने में तैनात कुल 13 पुलिसकर्मियों को शिकायतों के आधार पर हटाकर प्रतापगढ़ भेजा गया था। वीडियो वायरल होने के मामले को लेकर इससे भी जोड़कर देखा जा रहा था। हालांकि उच्चाधिकारियों ने मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की। ब्यूरो