अंतू अमेठी रेलवे स्टेशन के बीच शहजीपुर हाल्ट के पास ट्रैक पर गिरे पेड़ को हटाते कर्मचारी।
- फोटो : PRATAPGARH
काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस के चालक की सतकर्ता से शनिवार रात बड़ा हादसा बच गया। प्रतापगढ़-लखनऊ रेलमार्ग पर स्थित सहजीपुर हाल्ट के करीब शनिवार रात एक शीशम का पेड़ इलेक्ट्रिक विद्युत तार को तोड़ते हुए रेलवे लाइन पर जा गिरा।
इसी बीच वाराणसी से नई दिल्ली जा रही काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस पहुंच गई। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। घटना के चलते करीब तीन घंटे तक ट्रेन खड़ी रहीं। कई अन्य ट्रेनों को भी अलग-अलग स्टेशनों पर रोक दिया गया।ं खबर लिखे जाने तक मरम्मत का कार्य चल रहा था।
बनारस से नई दिल्ली जा रही काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस शनिवार देर शाम करीब 6.58 बजे प्रतापगढ़ स्टेशन से लखनऊ के लिए रवाना हुई। 7.40 बजे के करीब ट्रेन सहजीपुर के समीप पहुंची। इसी बीच सहजीपुर हाल्ट के पहले एक शीशम का पेड़ बरसात के चलते रेलवे लाइन पर गिरा गया। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया।
विद्युत लाइन का तार भी टूटकर जमीन पर गिरा था। चालक ने तत्काल इसकी सूचना कंट्रोल को दी। तत्काल विद्युत सप्लाई बंद कराई गई। स्टेशन मास्टर ने बताया कि पेड़ को लाइन से हटाया जा रहा है। तार पर पेड़ गिरने से कुछ विद्युत पोल टेढ़े हो गए हैं। उन्हें सीधा किया जा रहा है।
उधर, घटना के चलते प्रतापगढ़ से भोपाल जाने वाली भोपाल एक्सप्रेस को अंतू, हावड़ा-अमृतस पंजाब मेल जगेशरगंज, जौनपुर-रायबरेली इंटरसिटी एक्सप्रेस को प्रतापगढ़ में रोका गया था। इससे इन ट्रेनों में सवार यात्रियों को परेशान होना पड़ा। ।