सोरांव -- ट्रेलर की टक्कर के बाद हाईवे किनारे गड्ढे में गिरी बस व ट्रेलर
इलाके के सराय बाजू गांव के निकट बृहस्पतिवार दोपहर प्रयागराज-प्रतापगढ़ हाईवे पर गलत लेन पर दौड़ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने कार और रोडवेज बस में टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि बस सवार कई यात्रियों को मामूली चोट आई। पुलिस ने हाईवे पर लगे जाम को खुलवाया।
बृहस्पतिवार दोपहर प्रयागराज से सवारी लेकर अकबरपुर डिपो की बस प्रतापगढ़ की तरफ जा रही थी। उसी के आगे कार भी चल रही थी। कार व बस सराय बाजू गांव के निकट प्रयागराज प्रतापगढ़ हाईवे पर पहुंची ही थी कि सामने से गलत लेन पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर आ गया।
धुंध व कोहरे के चलते कार व रोडवेज बस चालक कुछ समझ पाता, तब तक ट्रेलर ने दोनों वाहनों में टक्कर मार दी। हादसे में अनियंत्रित हुई ट्रेलर तथा बस सड़क किनारे गड्ढे में चली गई।
ट्रेलर की टक्कर के पश्चात कार क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान उसमें सवार प्रतापगढ़ के रहने वाले नियाजुल निशा, साजिद व गुनगुन निशा गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि रोडवेज बस सवार सुल्तानपुर जनपद के रहने वाले राम सुमेर, रिचा यादव, रुचि यादव । जौनपुर के रहने वाले मो. आरिफ, अकबरपुर के रहने वाले दिनेश पटेल, गिरजा पति, सौम्य श्रीवास्तव मामूली रूप से चोटिल हुए।
सूचना पर पहुंची सोरांव पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार व रोडवेज बस में फंसे घायलों को निकलवाते हुए प्राथमिक उपचार के लिए सोरांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। जहां डॉक्टर ने रोडवेज सवार घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार करने के बाद छुट्टी दे दी। जबकि कार सवार नियाजुल निशा, साजिद व गुनगुन निशा की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें प्रयागराज स्थित एसआरएन अस्पताल भेज दिया।
सोरांव -- ट्रेलर की टक्कर के बाद हाईवे किनारे गड्ढे में गिरी बस व ट्रेलर