वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन के वाशिंग लाइन पर खड़ी महाकाल एक्सप्रेस।
- फोटो : अमर उजाला।
शनिवार की आधी रात से रविवार तड़के यात्री ई टिकट बुक नहीं कर सकेंगे। इस दौरान पांच घंटे ऑन लाइन रेल टिकट बुक करने की सेवा ठप रहेगी। इस अवधि में रेलवे की 139 सेवा भी बंद रहेंगी। यह व्यवस्था शनिवार रात 11.45 बजे से रविवार सुबह 4.45 बजे तक प्रभावी रहेगी।
दरअसल दिल्ली पीआरएस (पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम) के तहत ही उत्तर मध्य रेलवे के सभी प्रमुख स्टेशन अधीन है। शनिवार की ऑपरेटिंग सिस्टम पैच इंस्टॉलेशन और सिस्टम टयूनिंग गतिविधि कार्य के कारण दिल्ली पीआरएस की सभी सेवाएं ठप रहेंगी। इस दौरान आरक्षण, टिकट निरस्तीकरण, चार्टिंग, इंटरनेट बुकिंग आदि कार्य नहीं होंगे।
साथ ही रेलवे की 139 सेवा पर भी पीआरएस पूछताछ तथा इलेक्ट्रानिक डिपोजिट सेवाएं भी बाधित रहेंगी। उत्तर रेलवे के सीपीआरओ दीपक कुमार ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि 29 फरवरी की मध्यरात्रि से एक मार्च की सुबह 4.45 तक यानी की पांच घंटे तक यह सभी सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी।