मुट्ठीगंज में सब्जी बेचने वाले फुटकर विक्रेता दीपक कुशवाहा ने बताया कि थोक में ही टमाटर का दाम 150 रुपये किलो से ज्यादा का है। उधर मुंडेरा फल सब्जी व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सतीश कुशवाहा का कहना है कि इन दिनों बाहर से आने वाले टमाटर की आवक भी कम हो गई है। इसकी वजह देश के तमाम हिस्सों में हो रही बारिश ही है। सतीश ने बताया कि अभी माह भर यही स्थिति रह सकती है।
हिम्मतगंज की उर्वशी भरद्वाज ने बताया कि टमाटर इतना महंगा पहले उन्हाेंने कभी नहीं देखा। मजबूरी में अब पीस के हिसाब से टमाटर खरीदना पड़ रहा है। सोहबतियाबाग की मंजुला ने बताया कि टमाटर का प्रयोग तकरीबन हर सब्जी में होता है। अगर न डाले तो स्वाद अच्छा नहीं आता। आजाद नगर की स्नेहलता श्रीवास्तव ने बताया कि सरकार बताए आखिर टमाटर का दाम कब कम होगा। उन्होंने बताया कि मजबूरी में अब पीस के हिसाब से टमाटर खरीदना पड़ रहा है।
मंडी में नहीं लग रहे टमाटर के स्टॉल
आम लोगों को राहत देने के लिए मुंडेरा मंडी में स्टॉल खोलकर 75 रुपये किलो की दर से टमाटर बेचे जाने का प्रावधान किया गया है, लेकिन मुंडेरा मंडी में यह अब यह स्टॉल नहीं खुल रहा है। इस वजह से लोगों को वहां से बैरंग ही लौटना पड़ रहा है। मंडी सचिव कुलभूषण वर्मा का कहना है कि स्टॉल लगातार खोला जा रहा है लेकिन बुधवार को खराब मौसम की वजह से मंडी में टमाटर नहीं आया। इस वजह से आज स्टॉल बंद रहा।