कर्नलगंज में शादी तोड़वाने के लिए युवती के बारे में सोशल मीडिया पर गलत बातें फैलाई गईं। उसके साथ ही मंगेतर के घरवालों को मैसेज भेजकर युवती को एचआईवी पॉजिटिव बताया गया। शिकायत पर कर्नलगंज पुलिस ने अज्ञात में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कर्नलगंज में रहने वाली युवती की कुछ महीनों पहले सगाई हुई है। पिता ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी बेटी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ दिनों पहले एक मैसेज आया, जिसमें उसे एचआईवी पॉजिटिव बताया गया। खास बात यह कि यही मैसेज उसके मंगेतर के घरवालों के पास भी भेजा गया। तहरीर में यह भी बताया गया है कि मैसेज एक युवती के नाम से बने सोशल मीडिया अकाउंट से भेजा गया। पिता ने मामले की शिकायत एसपी क्राइम से की। जिनके निर्देश पर मंगलवार को कर्नलगंज थाने में मुकदमा लिखा गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि केस दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।