सूदखोर की प्रताड़ना से जान गंवाने वाले कुंवर कुमार शर्मा उर्फ मंगला की फाइल फोटो
प्रयागराज। शिवकुटी थाना क्षेत्र के गोविंदपुर अप्ट्रॉन चौराहे पर 52 वर्षीय नाई कुंवर शर्मा उर्फ मंगला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ महीनों से एक स्थानीय सूदखोर उन्हें परेशान कर रहे थे जिससे तंग आकर उन्होंने जान दे दी।
गोविंदपुर अप्ट्रॉन चौराहा निवासी कुंवर घर पर नाई का काम करते थे। परिवार में पत्नी वंदना शर्मा के अलावा दो बेटे और एक बेटी है। बड़े बेटे अमित ने बताया कि उनके पिता ने करीब पांच महीने पहले मोहल्ले के रहने वाले एक व्यक्ति से 50 हजार रुपये 10 प्रतिशत की दर पर ब्याज लिए थे।
बेटे ने बताया कि मंगलवार शाम के समय करीब छह बजे सूदखोर अपने साथी के साथ उनके घर आया। आरोपी ने पिता से कहा कि एक हफ्ते के अंदर पैसे नहीं लौटाए तो जान से मार देंगे। इस बात से आहत होकर उनके पिता ने जहरीला पदार्थ खा लिए। हालत बिगड़ने पर पहले उन्हें निजी अस्पताल फिर एसआरएन अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर रुकुम पाल सिंह ने बताया कि परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले में जांच की जाएगी। दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बेटे का आरोप है कि सूदखोर अक्सर उनके पिता को धमकाता रहता था। दुकान पर आकर गाली देता था। 15 दिन पहले आरोपी ने उनके पिता को घर में बंद कर पिटाई की थी।