सनातन संस्कृति के पुर्नर्स्थापना की अग्रदूत थीं अहिल्याबाई होलकरः नन्दी
पुण्यश्लोक देवी अहिल्याबाई होलकर की जन्म त्रिशताब्दी स्मृति अभियान-2025 के उपलक्ष्य में रविवार को प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के मुट्ठीगंज मंडल में विधानसभा पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन आयोजित किया गया। जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी व भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। सभी ने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर को नमन किया। वहीं उनके पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया।
सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए मंत्री नन्दी ने कहा कि देवी अहिल्याबाई होलकर सनातन संस्कृति के पुर्नर्स्थापना की अग्रदूत थीं। उन्होंने विदेशी आक्रान्ताओं के कालखण्ड में जिस साहस, भक्ति और समर्पण से काशी से लेकर रामेश्वर तक देश के अनेक तीर्थस्थलों का पुनरोद्धार कराया, वह भारतीय इतिहास का अद्वितीय अध्याय है। इस अद्वितीय अध्याय एवं देवी अहिल्याबाई के जीवन से जुड़े गौरवशाली इतिहास को पिछली सरकारों ने छिपाने और दबाने का कार्य किया। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार विरासत को सम्भालते हुए विकास को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। आज पूरा देश भारत के गौरवशाली इतिहास पर गर्व कर रहा है।