हजारों की संख्या में यहां विमान से यात्री पहुंच रहे हैं। प्रयागराज आने के लिए शेड्यूल विमानों के साथ चार्टर विमानों की लाइन लगी है। महाकुंभ मेला अवधि में अब तक रिकार्ड 1416 चार्टर विमान आ चुके हैं। शेड्यूल विमानों की संख्या को जोड़ लिया जाए तो अब तक प्रयागराज एयरपोर्ट में 13 जनवरी से 22 फरवरी 25 की अवधि में 3522 विमानों की आवाजाही हो चुकी है।
इस तरह से औसतन यहां हर रोज 84 के आसपास विमानों का आवागमन हुआ है। फिलहाल महाकुंभ अवधि में प्रयागराज एयरपोर्ट में 22 फरवरी तक 04 लाख 49 हजार 683 यात्रियों की आवाजाही हो चुकी है। 13 जनवरी से 31 जनवरी के मध्य यहां 695 विमानों से 98550 यात्रियों की आवाजाही हुई, जबकि एक फरवरी से 22 फरवरी के बीच 2106 विमानों से यात्रियों की संख्या का आंकड़ा 3.51 लाख पहुंच गया।
22 फरवरी को सर्वाधिक यात्रियों के आवागमन का बना रिकार्ड
उधर 22 फरवरी को यात्रियों की आवाजाही की संख्या 24605 पहुंच गई। प्रयागराज एयरपोर्ट में एक ही दिन में यह यात्रियों की आवाजाही की सर्वाधिक संख्या है। इस दौरान यहां 146 शेड्यूल और 77 नॉन शेड्यूल विमानों का आवागमन हुआ। यहां आने वाले यात्रियों की संख्या 12361 एवं जाने वालों की संख्या 12244 रही। शनिवार को इंडिगो के 42, एलाइंस एयर के 12, अकासा एयर के 8, स्पाइस जेट के 38 एवं एयर इंडिया के 46 विमानों का आगमन एवं प्रस्थान हुआ। तकनीकी कारणों से एयर इंडिया का एक विमान निरस्त भी हुआ।