इलाहाबाद और फूलपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा से भले ही टिकट के लिए कइयों ने आवेदन भेजे हों, लेकिन पार्टी ने स्थानीय स्तर से इन दोनों ही लोकसभा सीट से तीन-तीन नाम फाइनल कर प्रदेश मुख्यालय को भेज दिए हैं। अब शीघ्र ही प्रदेश मुख्यालय की ओर से केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को नाम भेजे जाएंगे। अप्रैल के प्रथम सप्ताह में पार्टी की ओर से इलाहाबाद और फूलपुर संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी के नाम की घोषणा की जा सकती है।
इस बार इलाहाबाद और फूलपुर दोनों ही संसदीय क्षेत्र से एक-एक दर्जन से ज्यादा टिकट के इच्छुक उम्मीदवारों ने अपने आवेदन भेजे हैं। भाजपा काशी प्रांत के माध्यम से भेजे गए इन आवेदन में से तीन-तीन नाम फाइनल भी किए गए हैं। पार्टी नेताओं की माने तो इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र से सामान्य एवं फूलपुर संसदीय क्षेत्र से पिछड़े वर्ग के नेता को प्रत्याशी बनाने की बात कही जा रही है। हालांकि वरिष्ठ पदाधिकारी इस बारे में अभी कुछ भी कहने से बच रहे हैं। दरअसल इन दोनों ही संसदीय सीट से प्रदेश सरकार के चार कैबिनेट मंत्री और उनके परिवार के किसी सदस्य को टिकट दिए जाने की मांग लंबे समय से उनके समर्थक कर रहे हैं।
सोशल मीडिया में बाकायदा इसका प्रचार भी किया जा रहा है। इन दोनों ही संसदीय सीट से डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य या उनके पुत्र योगेश कुमार मौर्य, कैबिनेट मंत्री नंदी की पत्नी एवं मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी, कैबिनेट मंत्री डॉ. रीता बहुगुणा जोशी, सिद्धार्थनाथ सिंह के अलावा जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष केसरी देवी पटेल, डॉ. कीर्तिका अग्रवाल, योगेश शुक्ला, डॉ. एलएस ओझा, विधायक नीलम करवरिया, पूर्व विधायक अशोक बाजपेयी, विधायक प्रवीण पटेल की पत्नी गोल्डी पटेल, नगर अध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, डॉ. बीबी अग्रवाल, पूर्व नगर अध्यक्ष शशि वार्ष्णेय, पूर्व प्रदेश कार्य समिति सदस्य सुबोध सिंह, विक्रम पटेल आदि का नाम उनके समर्थक जोर शोर से ले रहे हैं। इन्हीं में से तीन-तीन नाम दोनों लोकसभा के लिए फाइनल किए गए हैं। इस बारे में नगर अध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि पार्टी का संसदीय बोर्ड ही इस संबंध में निर्णय लेगा।