क्षेत्र में दो दिन में तीन चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों में दहशत पैदा कर दी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस ने इन घटनाओं की सूचना मिलने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं की। रायपुर उग्रसेनपुर निवासी गल्ला व्यवसायी हरिओम गुप्ता ने बताया कि उनके घर से थोड़ी दूर गोदाम का ताला तोड़कर चोरों ने 30 बोरी धान उठा ले गए।
दूसरी घटना उदगी गांव में हुई। गेस्ट हाउस संचालक दिलीप कुमार ने बताया कि सोमवार रात चोरों ने सुरक्षा के लिए लगाए गए कैमरे तोड़ दिए और डीवीआर समेत बर्तन और अन्य सामान ले गए। इसके पहले प्रतापपुर बाजार और फूलपुर कस्बे में कई व्यवसायी के घरों में चोरी की घटनाएं हुई हैं, लेकिन पुलिस ने किसी भी मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की।
यदि चोरी की घटनाओं में प्राथमिकी नहीं दर्ज की गई है तो यह गंभीर मामला है। मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। - विवेक यादव, एसीपी फूलपुर