नौकरी लगवाने के नाम पर तीन प्रतियोगी छात्रों से 6.50 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोप है कि चंदौली निवासी अशोक कुमार प्रजापति ने आउटसोर्सिंग पर नौकरी लगवाने के नाम पर रुपये हड़प लिए। जॉर्जटाउन पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
मूलरूप से प्रतापगढ़ के सराय मधाई निवासी शैलेंद्र कुमार मौर्य वर्ष 2016 से प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। उसने पुलिस को बताया कि इस दौरान उसकी मुलाकात बलुआ, चंदौली के निवासी अशोक से हुई।
आरोप है कि अशोक ने खुद को विभिन्न कोचिंग संस्थानों से संपर्क होने और इविवि में आउटसोर्सिंग के जरिये नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। झांसे में लेकर उसने 2.50 लाख रुपये ऐंठ लिए। शैलेंद्र ने बताया कि उसके पास रकम के लेन-देन के प्रमाण, मोबाइल कॉल, मैसेज और व्हाट्सएप पर बातचीत समेत अन्य साक्ष्य मौजूद हैं।
वहीं, प्रतापगढ़ के जेठवारा निवासी आशीष कुमार द्विवेदी ने पुलिस को बताया कि वह वर्ष 2019 से प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है।इसी दौरान उनकी मुलाकात अशोक से हुई। आरोप है कि नौकरी लगवाने के नाम पर उससे 1.50 लाख रुपये लिए गए।
इसके अलावा संतकबीर नगर के थाना क्षेत्र दुधारा निवासी आशुतोष कुमार ने भी अशोक पर नौकरी के नाम पर 2.50 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया है। आशुतोष वर्ष 2019 से अल्लापुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है। थाना प्रभारी रुकुमपाल सिंह ने बताया कि छानबीन की जा रही है।